लाडवा । कस्बा के एक युवक ने अपनी पत्नी के प्रेमी के धमकाने पर जहर खा लेने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। जहर खाने से युवक की हालत बेहद खराब हो गई और दो सप्ताह तक अस्पताल में इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया। वार्ड 14 का निवासी मृतक अभिषेक को उसकी पत्नी को छोड़ने और न छोड़ने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। मृतक के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में उक्त आरोप लगाए और पुलिस ने शिकायत पर मृतक की पत्नी के प्रेमी, उसकी भाभी व कुछ अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक अभिषेक के छोटे भाई राहुल ने बताया कि उसके बड़े भाई अभिषेक ने दो साल पहले गांव लौहारा निवासी मनदीप कौर के साथ प्रेम विवाह किया था और उससे उसकी एक बेटी भी है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी भाभी मनदीप कौर का गांव नाचरौन जिला यमुनानगर निवासी सोनू के साथ प्रेम प्रसंग हो गया था और वह गत 26 अप्रैल को सोनू के साथ चली गई थी। इसके बाद हमारे परिवार ने 2 मई को मनदीप कौर व सोनू को लाडवा पुलिस थाना में पेश कर दिया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी भाभी मनदीप कौर ने उसके भाई अभिषेक के साथ रहने से साफ मना कर दिया था और कोर्ट में भी उसने ब्यान देकर अभिषेक के साथ रहने से मना कर दिया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मनदीप कौर को सोनू ,उसकी भाभी नीतू , उसकी बुआ व बहन सिमरन के पति ने सिखाया था कि वह अभिषेक के साथ रहने से मना कर दे और उन सबने अभिषेक को भी धमकी दी थी कि वह मनदीप को छोड़ दे । शिकायतकर्ता ने कहा कि उनकी धमकी से डर कर अभिषेक ने 2 मई को जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया जिसे लाडवा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उन्होंने अभिषेक को कुरुक्षेत्र भेज दिया। रात को अभिषेक की हालत में सुधार आ गया जिससे उसे घर ले आया गया। अगले दिन अभिषेक की तबीयत बिगड़ने पर उसे फिर कुरुक्षेत्र भर्ती कराया गया और उसके बाद चंडीगढ़ के गवर्नमेंट मेडिकल कालेज सेक्टर 32 में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 16 मई को अभिषेक की मृत्यु हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोनू निवासी नाचरौन, उसकी बुआ, भाभी व जीजा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया है।