छात्रा से छेडछाड़ एवं जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक नामजद
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। पुलिस ने एक छात्रा से छेडछाड़ करने एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी अपनी शिकायत में पीड़ित छात्रा के परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी शहर के एक कॉलेज में पढ़ती है और प्राइवेट वैन से कॉलेज आती व जाती है। शिकायत में कहा गया है कि आज लगभग 2 बजे कॉलेज से छुट्टी हुई तो उसकी बेटी अपनी सहेलियों के साथ कुटिया वाले गेट के पास वैन में बैठ गई तो एक वरना कार का चालक कार को लेकर उसकी वैन के पास रुका और उसकी लड़की को बोला कि वह वैन से उतर कर उसकी गाड़ी में बैठ जाए। जब पीड़ित ने मना किया तो कहने लगा कि उसका नाम विक्रम रतनगढ़ है और सारी लड़कियां वैन से उतरकर उसकी कार में बैठ जाएं नहीं तो वह मिट्टी का तेल गिराकर आग लगा देगा। इसके बाद कार चालक ने उसकी लड़की और उसकी सहेलियों का गांव तक पीछा किया। शिकायत में कहा गया कि लड़के ने कॉलेज के बाहर आज भी लड़कियों का पीछा करने की कोशिश की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।