बस और डंपर की आमने-सामने की टक्कर में सात घायल
अमर उजाला ब्यूरो
इस्माइलाबाद।
गांव झांसा में बस और डंपर की टक्कर में बस में सवार तीन महिलाओं सहित सात व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया गया। पुलसि ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सवारियों को लेकर प्राइवेट बस कुरुक्षेत्र से ठोल के ओर आ रही थी। बस गांव झांसा में पहुंची तो सामने से आ रहे डंपर ने अचानक गोगपुर की ओर डंपर मोड़ दिया। इससे बस और डंपर में टक्कर हो गई। टक्कर से बस में बैठी सात सवारियों को गंभीर चोटें आईं, जबकि करीब 10 सवारियां मामूली जख्मी हो गईं। घायलों में लखविंद्र कौर, गुरजिंद्र कौर और अमरदीप कौर सहित सात व्यक्तियों को सामुदायिक केंद्र में दाखिल कराया गया। यहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच बस और डंपर को अपने कब्जे में ले लिया। इसको लेकर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।