लाडवा थाना पुलिस ने आटा चक्की से चोरी करने के मामले के तीसरे आरोपी सुरज को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण गोयल ने दी। उन्होंने बताया कि 22 दिसंबर को कृष्ण लाल वासी कटारिया बस्ती लाडवा ने थाना लाडवा पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उसकी वाल्मीकि मंदिर लाडवा के पास आटा चक्की है। 21 दिसंबर को वह अपनी आटा चक्की शाम के समय अपनी चक्की को बंद करके चला गया था। 22 दिसंबर को जब वह चक्की पर आया तो उसकी चक्की का दरवाजा टूटा हुआ था और चक्की में रखे 6 कट्टे गेहूं व गल्ले से करीब 2 हजार रुपये गायब मिले। थाना लाडवा पुलिस के उप निरीक्षक प्रदीप कुमार की टीम ने आरोपी अनुज कुमार वासी मरबा खुर्द थाना बिलासपुर जिला यमुनानगर व साहिल वासी वाल्मीकी बस्ती लाडवा को गिरफ्तार करके कारागार भेज दिया था। पुलिस ने तीसरे आरोपी सुरज को भी गिरफ्तार करके कारागार भेज दिया।