पुलिस ने बाइक चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरीशुदा बाइक भी बरामद कर ली है। अदालत के आदेश से आरोपी गुरविंद्र सिंह वासी खुर्दबन (यमुनानगर) को जेल भेज दिया है। चार महीने पहले आरोपी गुरविंद्र सिंह ने लाडवा निजी अस्पताल से बाइक चुराई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण गोयल ने बताया कि 25 नवंबर को रविंद्र कुमार वासी बरगट जाटान (कुरुक्षेत्र) ने थाना लाडवा पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह 26 जुलाई को अपनी बाइक पर लाडवा के निजी अस्पताल में गया था। उसने अपनी बाइक को अस्पताल के बाहर खड़ा किया था। जब वह अस्पताल से वापस आया तो उसकी बाइक चोरी हो गई थी। शिकायत पर थाना लाडवा में मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। मामले की जांच करते हुए 25 नवंबर को गुप्त सूचना पर पुलिस ने आरोपी गुरविंद्र सिंह को गिरफ्तार करके पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा बाइक बरामद करके आरोपी को जेल भेज दिया।