मेन बाजार जमुनादास वाली गली में एक मकान से भिखारी दिनदहाड़े एलईडी चुराकर फरार हो गया। चोरी की यह पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वैभव ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह सुबह अपनी दुकान पर चला गया था तथा उसकी माता भी अपने काम पर गई हुई थी। दोपहर 2 बजे जब उसकी माता काम से घर लौटे तो उनका मेन दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। जब उसकी माता ने घर के अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर से 32 इंच की एलईडी चोरी हो गई थी। जब उन्होंने गली में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी तो सुबह लगभग 11 बजे एक बुजुर्ग भिखारी घर में काले रंग के खाली थैले के साथ जाता नजर आया। लगभग 5 मिनट बाद जब वह घर से वापस आया तो उसके काले रंग के बैग में सामान भरा हुआ था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज लेकर आरोपी की पहचान कर रही है।