डीएपी खाद की कालाबाजारी को रोकने के लिए शाहाबाद क्षेत्र में एसडीएम कपिल शर्मा ने खाद विक्रेताओं की दुकानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान किसी भी दुकान पर डीएपी खाद का स्टॉक नहीं मिला है, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा गठित टीमों ने डीएपी खाद की कालाबाजारी को रोकने के लिए 2 खाद विक्रेताओं के लाइसेंस को सस्पेंड किया है। डीडीए डॉ. प्रदीप मिल ने बताया कि कुरुक्षेत्र में डीएपी खाद की कालाबाजारी को रोकने के लिए पूरे कुरुक्षेत्र में खाद विक्रेताओं की प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। इस जांच के दौरान 2 खाद विक्रेताओं के अनियमितता बरतने पर उनके लाइसेंस को सस्पेंड कर दिया गया है। विभाग की छापामारी लगातार जारी रहेगी। उधर, वीरवार देर सायं उपायुक्त मुकुल कुमार के आदेशानुसार एसडीएम कपिल शर्मा ने शहर के विभिन्न खाद व प्रेसिटीसाइज विक्रेताओं प्रेम कुमार एंड कंपनी, सोहन लाल एंड कंपनी, जागृति एग्रो प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य फर्मों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की और खाद को चैक किया। एसडीएम ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि उपमंडल शाहाबाद में डीएपी खाद का स्टॉक किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। इस क्षेत्र में किसानों को बिना अन्य कोई प्रेसिटी साइज और फर्टिलाइजर को साथ लगाकर खाद को नहीं बिकने दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि जरूरत के अनुसार ही डीएपी खरीदें और खाद का स्टॉक ना करें। इस मौके पर बीएओ शाहाबाद ओपी दहिया उपस्थित थे।