दो महीने पहले बाइक चालक से मोबाइल व 14 हजार रुपये छीनने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी रवि उर्फ गोलू व गौरव वासी भौर सैयदां अपने अन्य दो साथियों के साथ बाइक चालक से मोबाइल व नकदी छीनकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल व वारदात में इस्तेमाल कार बरामद करके आरोपियों को जेल भेज दिया है। डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि 8 अगस्त को पृथ्वी राज वासी बहादरपुरा ने थाना केयूके पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि वह एक दुकान पर नौकरी करता है। 29 जुलाई को वह ड्यूटी खत्म करके बाइक पर अपने गांव बहादरपुर के लिए चला था। जब वह रात करीब साढ़े 9 बजे झांसा पर भिवानी खेड़ा के सामने पहुंचा तो वहां पर पहले से सफेद रंग की मारुति कार के पास तीन-चार युवक खड़े थे। इनमें से एक ने उसे बाइक रोकने के लिए आवाज लगाई थी, जिसे सुनकर उसने अपनी बाइक रोक ली। उक्त युवक उसके पास आए और जबरदस्ती उससे मोबाइल व पर्स छीन लिया। पर्स में 14 हजार रुपये व जरूरी कागजात भी थे। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए थे। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच करते हुए सीआईए-2 की टीम ने 24 अक्तूबर को आरोपी रवि व गौरव को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल व वारदात में प्रयोग कार बरामद करके आरोपियों को अदालत में पेश कर कारागार भेज दिया है। जांच जारी है।