गांव रामसरन माजरा में चोर मकान का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये कैश व लाखों रुपये के जेवर चुरा ले गए। हालांकि चोरों ने साथ लगते घर के भी ताले तोड़ दिए, लेकिन यहां चोर अपने इरादों में कामयाब नहीं हुए। सूचना पर बाबैन थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस में दर्ज शिकायत में फूल चंद व महेंद्र सिंह ने बताया कि वह पिछले काफी वर्षों से दिल्ली में नौकरी करते है। गांव रामसरन माजरा में उन दोनों के पैतृक मकान साथ-साथ ही है। कोरोना काल के दौरान वह दोनों गांव आकर रहने लगे थे। अब कुछ दिन पहले ही दिल्ली में अनलॉक के बाद वापस दिल्ली लौट गए थे। फूल चंद के परिवार में एक सदस्य की मृत्यु होने पर वह गांव आया था। जैसे ही वह अपने घर पहुंचा तो देखा कि मकान के सभी कमरों के ताले टूटे हुए है। जांच करने पर पाया कि उसके घर से 50 हजार रुपये कैश, ढाई तोले का गले का हार, आधा तोले की अंगूठी, आधा तोले सोने की बालियां व एक चांदी का पाजेब का जोड़ा चोरी हो गया था। वहीं चोरों महेंद्र सिंह के मकान के भी ताले तो तोड़ दिए, लेकिन घर से कोई सामान चोरी नहीं हुआ। उन्होंने तुरंत मामले की सूचना बाबैन पुलिस को दी। सूचना पाकर उप निरीक्षक बलबीर दत्त ने टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पुलिस तत्परता के साथ मामले की जांच कर रही है। शीघ्र ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।