पिछले महीने फायरिंग करके जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि 13 जून को जोगिंद्र सिंह वासी रामगढ़ ने थाना सदर थानेसर पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसने अपने खेत में शराब का ठेका पिछले एक साल से सुखा को किराए पर दिया हुआ था, जिसका एक साल पूरा हो गया था। 12 जून को नया ठेकेदार आया और उसने बिना बताए उसके ठेके में शराब रख ली थी। जब उसके होटल का कर्मचारी अशोक ठेके पर शराब लेने गया तो उसने अशोक के साथ गाली गलौज की थी। तब अशोक ने उसे फोन करके मामले की जानकारी दी थी। जब वह ठेके पर पहुंचा तो करिंदे ने फोन करके ठेकेदारों को बुला लिया था। कुछ देर बाद एक कार व बाइक पर आए और आते ही फायर किया, जिसमें उसने मुश्किल से अपनी जान बचाई थी। शिकायत पर थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज करके जांच करके पुलिस ने 16 जून को आरोपी धर्मबीर सिंह वासी कसेरला व संजीव उर्फ पिया वासी हरिपुर को गिरफ्तार करके कारागार भेज दिया था। अब इस मामले में पुलिस ने आगामी कार्रवाई करते हुए 05 जुलाई अन्य आरोपी धर्मबीर सिंह वासी बुहावी और ध्यान सिंह वासी कसेरला खुर्द थाना बराड़ा जिला (अंबाला) को गिरफ्तार करके कारागार भेज दिया है।