लाडवा-पिपली मार्ग पर स्थित श्री कृष्ण गोशाला के पीछे चोरों ने बंद पड़े मकान से दो लाख रुपये नगद सोने के जेवर आदि सामान पर हाथ साफ कर दिया। जाते-जाते चोर घर के बाहर लगे कैमरे और डीवीआर भी अपने साथ ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में मोनू कुमार पुत्र वैजनाथ निवासी घडौला रोड लाडवा नजदीक गोशाला ने बताया कि 27 जून को वह तथा उसका परिवार पटना सहारनपुर अपने रिश्तेदारी में शादी में गया हुआ था। 2 जुलाई को वापस अपने घर लाडवा आए। जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो दरवाजों के कुंडे ताले टूटे हुए थे और घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। सामान की जांच करने पर स्टोर में रखी लोहे की पेटी के भी कुंडे टूटे हुए थे तथा उसमें रखा दो लाख नगद, सोने की अंगूठी तथा कुछ अन्य सामान गायब मिला। इतना ही नहीं अज्ञात चोर घर के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा व डीवीआर भी अपने साथ ले गए। उसने चोरी की घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सीन ऑफ क्राइम की टीम ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।