दो अलग-अलग मामले में पुलिस ने 10-10 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश सहित तीन लोगों को काबू करके उनके कब्जे से एक देसी कट्टा व देसी पिस्टल बरामद की। इनमें आठ महीने पहले हुए शुभम हत्याकांड का मुख्य आरोपी राजेश उर्फ जस्सा वासी हैबतपुर करनाल भी शामिल है। डीएसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि सीआईए-2 की टीम ने गुप्त सूचना पर 6 मई को देवी लाल पार्क पिपली से दो युवक राजेश कुमार उर्फ जस्सा प्रदीप उर्फ जरदा वासी मिर्जापुर को काबू किया। तलाशी लेने पर राजेश से एक देसी पिस्तौल व उसकी मैगजीन से दो कारतूस बरामद हुए और प्रदीप उर्फ जरदा के कब्जे से एक देसी कट्टा व चेंबर से एक कारतूस बरामद हुआ। दोनों के खिलाफ सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। इनमें राजेश उर्फ जस्सा 12 अगस्त 2022 को हुए शुभम हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। शुभम व राजेश यूपी में शराब का धंधा करते थे। धंधे को लेकर तकरार हो गया था। राजेश ने शुभम पर पहले भी कस्सी से हमला किया था, उसमें शुभम बच गया था। उसके बाद से उनके बीच रंजिश थी। 12 अगस्त को आरोपी राजेश ने अपने एक साथी के साथ मिलकर शुभम को आकाश नगर में गोली मार दी थी, जिसमें इलाज के दौरान शुभम की मौत हो गई थी। हत्याकांड के बाद से वह गिरफ्तारी से बचने के लिए इधर-उधर भाग रहा था। आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं अन्य मामले में सीआईए-2 ने 10 हजार के इनामी बदमाश जसबीर सिंह उर्फ जस्सी वासी कंवारखेड़ी को एक देसी कट्टे व एक कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि ब्रह्मसरोवर के दक्षिण दिशा के मुख्य द्वार पर बने वीआईपी घाट पार्क एक युवक बैठा है, जिसके पास देसी कट्टा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस को देखकर युवक तेज कदमों से चलने लगा। शक होने पर टीम ने युवक को काबू करके पूछताछ की तथा उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर जसबीर के कब्जे से एक देसी कट्टा 12 बोर व एक कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उस पर मारपीट के दो व शस्त्र अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज है। आरोपित पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।