एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने एक युवक को बिना नंबर की बाइक पर एक किलो 300 ग्राम चूरापोस्त सप्लाई करते हुए काबू किया। आरोपी सुखचैन उर्फ टोनी वासी असमानपुर को पुलिस ने रिमांड पर लिया है। डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल के एसआई दलजीत सिंह, अरविंद कुमार, आजाद सिंह, संजीव कुमार, जितेंद्र सिंह, बलदेव सिंह की टीम पिहोवा मेन चौक पर गश्त कर रही थी। तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि सुखचैन अपनी बगैर नंबर की बाइक पर चूरापोस्त सप्लाई करने हाईवे से होते हुए नई सब्जी मंडी कुरुक्षेत्र रोड पर आएगा। सूचना पाकर टीम ने नई सब्जी मंडी के पास नाकाबंदी करके आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद बगैर नंबर की बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया, जिस पर शक होने पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की तथा उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक किलो 300 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया है।