कुरुक्षेत्र। कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव, चिकित्सा शिक्षा व अनुसंधान विभाग हरियाणा के आदेशानुसार शाहाबाद स्थित आदेश मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को कोविड-19 के मरीजों के उपचार के लिए विशेष समर्पित कोविड-19 अस्पताल के रुप में स्थापित किया गया है। इन आदेशों के तुरंत बाद आदेश मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शाहबाद के चिकित्सा अधिकारी डा. नरेश ज्योति को अस्पताल में कोविड-19 मरीजों के उपचार के लिए उचित मात्रा में दवाईयों व अन्य मेडिकल सुविधाएं, भोजनालय व हॉस्टल को खाली करवाकर अपने अधीन लेकर साफ-सफाई की पूर्ण व्यवस्था समय रहते बनाए रखना सुनिश्चित करने के आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए। इस बारे में जानकारी देते हुए उपायुक्त धीरेंद्र खडगटा ने कहा कि कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए पूरे जिला में कोरोना के मरीजों के इलाज के लिए विशेष प्रबंध किए गए है। इसी के तहत सिविल अस्पताल कुरुक्षेत्र में आईसोलेशन व आईसीयू वार्ड बनाए गए है। इसी प्रकार विशेष समर्पित कोविड-19 आदेश मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शाहबाद में सभी जरुरी मेडिकल सुविधाओं को पूरा करने संबंधी निर्देश दिए गए है।