कुरुक्षेत्र के शाहाबाद क्षेत्र में ग्राम पंचायत दयालनगर में दो वोटों से हुई प्रत्याशी की जीत पर विवाद थमा नहीं है। पराजित हुए उम्मीदवार के समर्थकों ने ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए 12 नवंबर की रात को जहां 35 मिनट तक अरूप नगर झांसा रोड बाधित रखा, वहीं रविवार को सैकड़ों की संख्या में समर्थक तहसील कार्यालय पहुंच गए।
रविवार होने के कारण आरओ एसडीएम कपिल शर्मा से समर्थकों की मुलाकात नहीं हो सकी। जिस पर उम्मीदवार गुरविंद्र सिंह विक्की ने फोन पर एसडीएम कपिल शर्मा से बातचीत की। एसडीएम ने गुरविंद्र सिंह विक्की को सोमवार को मिलने का समय दिया है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत दयालनगर में पूर्व सरपंच ओमप्रकाश ने दो वोट से जीत दर्ज की है, जबकि गुरविंद्र सिंह विक्की को दो वोट से हार मिली है। जिस पर उम्मीदवार गुरविंद्र सिंह विक्की व उसके समर्थकों का कहना है कि मतदान के दिन करीब 3.15 बजे उनके बूथ पर एक से चार वार्ड की ईवीएम हैंग हो गयी थी और जिसकी बीप लगातार 15 मिनट तक चलती रही।
इस दौरान पोलिंग पार्टी ने कमरा बंद कर लिया और इसी बीच पूर्व सरपंच ओमप्रकाश कमरे के अंदर था। समर्थकों राजदीप सिंह चीमा, पप्पू चीमा, पूर्व सरपंच गुरबक्श सिंह, नरेंद्र सिंह, रेशमा, सविता, सुमन, मीरा, परमिंद्र कौर, जसवंत सिंह और सोनू का कहना है कि मतगणना में सभी वार्डों पर गुरविंद्र सिंह की जीत हुई है लेकिन अचानक उसी ईवीएम से उनका उम्मीदवार पिछड़ा जो ईवीएम हैंग हुई थी।
उम्मीदवार और समर्थकों ने डयूटी मजिस्ट्रेट राजकुमार चौहान को लिखित में अपनी शिकायत दी है। समर्थकों ने कहना ह कि सोमवार को वह एसडीएम कपिल शर्मा से मुलाकात करेेंगे और अगर उनकी समस्या की ओर ध्यान न दिया गया तो आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।