कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। कांग्रेस ने चुनाव से पहले हमेशा ही यह वहम पाले रखा है कि उनकी सरकार बनने वाली है। कांग्रेस के लोग चुनाव से पहले बड़े-बड़े दावे करते हैं लेकिन चुनाव खत्म होने और नतीजे आने के बाद सभी दावे फुस्स हो जाते हैं। इस बार भी कांग्रेस का वहम आठ अक्तूबर को निकलने वाला है।
यह कहना है केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का। वे बुधवार को शाहाबाद पहुंचे थे, जहां पार्टी प्रत्याशी सुभाष कलसाना के समर्थन में देवी मंदिर धर्मशाला में जनसभा को संबोधित किया। सर्वप्रथम पार्टी प्रत्याशी सुभाष कलसाना, विधानसभा कोऑर्डिनेटर घुम्मन सिंह किरमच और प्रदेश कार्यकारणी सदस्य बीबी करतार कौर ने उनका स्वागत किया।
मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस ने अभी तक हरियाणा में मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं दिया, क्योंकि उन्हें चुनाव से पहले ही पता है कि अकेले सरकार बनाना उनके बस में नहीं है। इसलिए वह चुनाव से पहले ही जोड़-तोड़ में लगे हुए हैं। प्रदेश की जनता ने जिस प्रकार 2014 और 2019 में केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का काम किया, ठीक उसी तरह 2024 चुनाव में भी तीसरी बाद भाजपा की सरकार बनाएगी।
मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा की जन कल्याणकारी नीतियों से हर वर्ग खुश है। आज किसान, कर्मचारी, खिलाड़ी, व्यापारी सहित हर वर्ग को भाजपा ने मान-सम्मान दिया है। प्रदेश में आज लगभग सभी फसलें एमएसपी पर देने का काम केवल भाजपा सरकार ने किया है। मनोहर लाल ने कहा कि आज शाहाबाद को केवल भाजपा ने शिक्षित प्रत्याशी दिया है, इसलिए शाहाबाद का भविष्य सुधारने के लिए सुभाष कलसाना को जिताना होगा। इस मौके किसान नेता कर्ण राज सिंह तूर, जगदीप सांगवान, शाहाबाद मंडल अध्यक्ष मुलखराज गुम्बर, सहदेव मलान, सरबजीत कलसानी, दीपक आनंद, निर्मल सिंह विर्क, नरेंद्र सिंगला, रामचंद्र सैनी और तिलकराज अग्रवाल सहित भाजपा कार्यकर्ता और शाहाबाद वासी उपस्थित रहे।