कुरुक्षेत्र। शहरी प्रॉपर्टी धारकों के लिए प्रदेश सरकार ने एक सुनहरा अवसर प्रदान किया है। सरकार द्वारा सभी 88 शहरी निकायों का प्रॉपर्टी के डाटा को पोर्टल पर लाइव कर दिया है। अब सभी शहरी नागरिक अपने प्रॉपर्टी के डाटा यूएलबीएचआरवाईएनडीसी.ओआरजी पोर्टल सत्यापित कर सकते हैं।
विधायक सुभाष सुधा ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव काल में राज्य सरकार हर शहर को साफ सिटी-सेफ सिटी बनाने के लिए अग्रसर है। इस कड़ी में राज्य की सभी 88 शहरी निकायों की प्रॉपर्टी का डाटा सत्यापित करने के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध करवाने की शुरूआत की गई है। इसके तहत प्रापर्टी वेरिफिकेशन पोर्टल को लांच किया। अब कोई भी व्यक्ति अपनी प्रॉपर्टी के डाटा का सत्यापन यूएलबीएचआरवाईएनडीसी.ओआरजी पोर्टल पर कर सकता है। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रॉपर्टी धारक अपनी प्रॉपर्टी के दस्तावेजों को 15 मई तक सत्यापित कर सकता है। नागरिकों की सुविधा के लिए यह एक सुनहरा अवसर है।
आमजन भी गांव के विकास के लिए दे सकते हैं सुझाव
विधायक ने कहा कि ग्रामीण अंचल के निवासी अब सरकार को विकास कार्यों संबंधी मांग, शिकायत और सुझाव सीधे ऑनलाइन माध्यम से दे सकेंगे। प्रदेश सरकार द्वारा इसके लिए ऑनलाइन ग्राम दर्शन.हरियाणा.जीओवी.इन पोर्टल शुरू किया गया है। ग्राम दर्शन पोर्टल सरकार की एक व्यापक, सहभागी, पारदर्शी और जवाबदेह पहल है। इसका उद्देश्य निर्वाचित प्रतिनिधियों, सरकार और ग्रामीण निवासियों के बीच संबंध स्थापित करना है। यह पोर्टल ग्रामीणों को अपनी मांग, शिकायत व सुझाव देने का एक सुविधाजनक एवं सरल माध्यम है।