कुरुक्षेत्र। मौसम में बदलाव के चलते अब ठंड और बढ़ने वाली है, जिसका असर आज रविवार से ही देखने को मिलेगा। जहां लगातार कोहरा पड़ने की संभावना है तो वहीं न्यूनतम तापमान भी इसी सप्ताह 11 डिग्री तक जाने का अनुमान लगाया जा रहा है। पिछले सप्ताह भर से कोहरा पड़ना शुरू हो गया है, जो लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को भी अल सुबह से ही कोहरा पड़ने लगा था तो दृश्यता महज 15 मीटर की रही। इससे वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी तो वहीं हादसे की आशंका भी बनी रही। सड़कों पर वाहन रेंगते रहे। उधर रविवार व सोमवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तो बुधवार से तीन दिन तक 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में ठंड और बढ़ेगी, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। वहीं कृषि विशेषज्ञ डॉ. सीबी सिंह का कहना है कि अधिक ठंड पड़ना गेहूं की फसल के लिए लाभदायक होगा। गेहूं जमाव के दौरान भी ठंड अच्छी होती है। इससे जमाव ज्यादा होता है तो फिर फुटाव में भी वृद्धि होती है, जिससे उत्पादन बढ़ता है।