शहर में दो माह के एक बच्चे की कथित खरीद-फरोख्त मामले पर जिला बाल कल्याण समिति ने संज्ञान लिया है। मामले को बेहद संवेदनशील व गंभीर मानते हुए रविवार को समिति की अहम बैठक हुई। जिसमें पूरे मामले पर गहनता से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि इस संबंध में संबंधित विभागों को पत्राचार किया जाएगा तो वहीं पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात की जाएगी। समिति इस बात से भी हैरान है कि पुलिस ने बच्चे को उसके समक्ष पेश नहीं किया और न ही मामले को लेकर कोई जानकारी देना उचित समझा। अब पूरे मामले पर सोमवार को फिर बैठक की जाएगी और उसके बाद अगला निर्णय लिया जाएगा। उधर अभी तक पुलिस अभी भी मामले की जांच किए जाने का दावा कर रही है। सेक्टर पांच चौकी इंचार्ज मलकीत सिंह का कहना है कि एक पक्ष के बयान लिए जा चुके हैं जबकि दूसरे पक्ष को सोमवार को बुलाया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।