संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। थानेसर अनाज मंडी में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री मनोहर लाल होंगे। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तमाम प्रबंध किए जाएंगे। आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। विभाजन विभीषिका दिवस पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी और एक डाक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई जाएगी।
यह जानकारी विधायक सुभाष सुधा शुक्रवार को देर सायं थानेसर अनाज मंडी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के बाद दी। इससे पहले विधायक सुधा, उपायुक्त मुकुल कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया, एडीसी अखिल पिलानी, एएसपी कर्ण गोयल, एसडीएम अदिति, नगराधीश चंद्रकांत कटारिया, डीएसपी शीतल ने थानेसर अनाज मंडी में 14 अगस्त 2022 को विभाजन विभीषिका दिवस पर होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां करने के लिए अवलोकन किया। विधायक सुभाष सुधा ने मुख्य मंच, वीआईपी गैलरी, पांडाल, पार्किंग, प्रदर्शनी स्थल, लंगर स्थल सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जायजा लिया।
उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि 14 अगस्त के विभाजन विभीषिका दिवस कार्यक्रम के लिए अलग-अलग कमेटियों का गठन करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी अधिकारी अपने-अपने स्तर पर तैयारियां पूरी करना सुनिश्चित करेंगे। किसी भी स्तर पर तैयारियों में कमी और लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। इस कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम प्रशासन की तरफ से किए जाएंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन की तरफ से अधिकारियों की ड्यूटियां लगा दी गई है।
उन्होंने कहा कि 14 अगस्त के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसलिए व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। इस व्यवस्था के लिए जन स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद, पुलिस प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, मार्किट कमेटी, हुडा सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को समय रहते प्रबंध पूरे करेंगे। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने कहा कि 14 अगस्त विभाजन विभीषिका कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और पर्याप्त मात्रा में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इस कार्यक्रम में ट्रैफिक व्यवस्था के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।