कुरुक्षेत्र। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि गुरु साहिबान ने देश, समाज और धर्म की रक्षा के लिए कुर्बानियां दी थीं। इस कारण आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। साहिब-ए-कमाल श्री गुरु गोबिंद सिंह जी, साहिबजादों और माता गुजर कौर की शहीदी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इन शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर युवा पीढ़ी को समाज और देश की निस्वार्थ सेवा के लिए आगे आना चाहिए। मुख्यमंत्री मंगलवार को गुरुद्वारा पातशाही छठी के दरबार साहिब में वीर बाल दिवस को समर्पित धार्मिक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने दरबार साहिब में गुरु ग्रंथ साहिब को शीश नवाया और परिक्रमा भी की। साथ ही गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से लगाए गए रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया।
असमंजस के बीच करीब तीन घंटे की देरी से मुख्यमंत्री मनोहर लाल डेढ़ बजे गुरुद्वारा पातशाही छठी के दरबार साहिब में वीर बाल दिवस को समर्पित धार्मिक कार्यक्रम में पहुंचे। इससे पहले एक बार सीएम का कार्यक्रम रद्द होने की सूचना आई। कारण कि सुबह अधिक धुंध और कोहरे के कारण उनका चौपर उड़ान नहीं भर सकता था। बाद में सीएम अंबाला तक हवाई मार्ग से और फिर सड़क मार्ग से धर्मनगरी कुरुक्षेत्र पहुंचे। देरी के कारण सीएम को पगड़ी बांधने का कार्यक्रम भी रद्द करना पड़ा। ऐसे में सीएम सिर पर रुमाल बांधकर कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने साहिबजादे बाबा फतेह सिंह, बाबा जोरावर सिंह और गुरु साहिबानों की कुर्बानियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के गठन के बाद पहली बार गुरुद्वारा छठी पातशाही पहुंचे थे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी, राज्यमंत्री संदीप सिंह, विधायक सुभाष सुधा और हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को तलवार और सरोपा भेंट किया। मौके पर पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी, पूर्व विधायक डाॅ. पवन सैनी, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, जिलाध्यक्ष रवि बतान, जिप अध्यक्ष कवंलजीत कौर, उपाध्यक्ष डीपी चौधरी, पालिका पिहोवा के अध्यक्ष आशीष चक्रपाणी सहित अन्य मौजूद रहे।
भगवान राम सभी को प्रेरणा देने वाले : मनोहर लाल
गुरुद्वारा पातशाही छठी के दरबार साहिब में वीर बाल दिवस को समर्पित धार्मिक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को प्रेरणा देने वाले भगवान रामचंद्र जी के जन्मस्थान पर फिर से भव्य मंदिर तैयार हो रहा है। 22 जनवरी को स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसका उद्घाटन करेंगे। उन्होंने सभी से भगवान राम के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया
वीर बाल दिवस समागम में लगाए गए रक्तदान शिविर में 324 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल, हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान जत्थेदार भूपिंदर सिंह असंध और अन्य पदाधिकारियों की ओर से रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया गया।
शबद कीर्तन से संगत को बताया इतिहास
रागी भाई जगजीत सिंह बंबीहा ने समागम में शबद कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु के इतिहास से अवगत कराया। रागी जत्थे ने नौवीं पातशाही श्री गुरु तेग बहादुर साहिब, साहिब-ए-कमाल, सरबंस दानी श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज, चारों साहिबजादों और माता गुजर की शहादत को याद करते हुए उन्हें नमन किया। कीर्तन के साथ-साथ नाम सिमरन भी कराया।