कुरुक्षेत्र/झांसा। सीएम फ्लाइंग की टीम ने शांति नगर कुरड़ी गांव में एक झोलाछाप डॉक्टर का पर्दाफाश किया है। आरोपी की ओर से एक कमरे में अवैध तौर पर मेडिकल क्लीनिक का संचालन किया जा रहा था। टीम ने मौके से कई दवाइयां और मेडिकल उपकरण भी बरामद किए हैं, जबकि झोलाछाप डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं था। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी तरसेम निवासी शांति नगर के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
सीएम फ्लाइंग के प्रभारी अनीश मलिक ने बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि शांति नगर गांव में एक व्यक्ति कमरा किराए पर लेकर अवैध तौर पर मेडिकल क्लीनिक चला रहा है। आरोपी के पास क्लीनिक चलाने और दवाइयाें से संबंधित कोई मेडिकल, फार्मेसी की डिग्री और अनुभव नहीं है। सूचना के बाद उनकी टीम स्वास्थ्य विभाग और जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी के साथ गांव में धर्मशाला के सामने स्थित कमरे में पहुंचीं। यहां जांच के दौरान टीम काे टेबल और अलमारी से कई तरह की दवाइयां व मेडिकल प्रैक्टिस से संबंधित उपकरण बरामद हुए। स्वास्थ्य विभाग और औषधि अधिकारी की टीम ने दवाइयों और उपकरण को कब्जे में लेकर सील कर दिया है। मौके पर पहुंची आरोपी तरसेम की पत्नी ने बताया कि उसका पति कमरे में क्लीनिक चलाता है। फिलहाल वह किसी जरूरी काम से बाहर गया हुआ है। उसे दवाइयों और मेडिकल उपकरण से संबंधित कोई जानकारी नहीं है। मौके पर महिला अपने पति की कोई मेडिकल और शैक्षणिक डिग्री पेश नहीं कर पाई।
बताया जा रहा है कि आरोपी तरसेम कई साल पहले दवाइयों की दुकान पर काम करता था। इसके बाद उसने गांव में धर्मशाला के सामने एक कमरा किराए पर लेकर क्लीनिक खोल लिया और बगैर किसी मेडिकल प्रैक्टिस और डिग्री के ही लोगों का उपचार शुरू कर दिया। मौके से टीम ने 33 अलग-अलग तरह की दवाइयों को सील किया है।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश : प्रदीप कुमार
थाना झांसा प्रबंधक प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी तरसेम के खिलाफ ड्रग एवं कॉस्मेटिक एक्ट, इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट और भादस की धारा 420 के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।