कुरुक्षेत्र। सीएम फ्लाइंग अंबाला की टीम ने सुबह 10 बजे कुरुक्षेत्र और पिपली के बिजली निगम कार्यालय में दबिश दी। करीब नौ घंटे के अंदर टीम ने कार्यालय के रिकॉर्ड की छानबीन की साथ ही हाजिरी रजिस्टर को भी जांचा। जांच के दौरान पिपली के एसडीओ ड्यूटी से नदारद और पांच कर्मी अवकाश पर पाए गए। टीम ने निगम के पोर्टल पर आई शिकायतों को भी खंगाला। पोर्टल और हेल्प डेस्क पर आई शिकायत के निपटान में लापरवाही पाई गई।
उधर, टीम के प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि पिपली कार्यालय में ऑनलाइन पोर्टल पर कुल 2232 बिजली कनेक्शन के लिए आवदेन आए थे। इसमें 1203 पूर्ण किए गए थे, जबकि 890 रद्द तो 139 कनेक्शन लंबित मिले हैं। इसी तरह कुरुक्षेत्र कार्यालय में पोर्टल पर 2410 नए कनेक्शन के आवेदन आए थे। इसमें 1504 पूर्ण पाए गए। इसके अलावा 760 कनेक्शन को रद्द किया गया, जबकि 146 लंबित पाए गए।
बताया कि पिपली में मीटर बदलने की कुल 370 शिकायतें प्राप्त हुईं। इसके अलावा इस साल शुक्रवार तक सीएम विंडो पर 11 शिकायतें मिलीं, जिनका निपटान होना पाया गया। जन संवाद के तहत मिली कुल छह शिकायतों में एक पर प्रक्रिया जारी मिली साथ ही वीडीएस योजना के तहत कार्यालय में कुल 162 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से 50 का निपटारा किया गया और 112 मामले लंबित हैं। पिपली कार्यालय के कुल 134 कोर्ट केस में एक करोड़ 38 लाख 99 हजार 125 रुपये राशि बकाया मिली। यहां स्थापित हेल्प डेस्क पर आई शिकायतों का समय पर निपटारा नहीं होने की लापरवाही पाई गई।
उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र कार्यालय में कुल 190 कोर्ट केस के चार करोड़ 26 लाख 68 हजार 23 रुपये की राशि बकाया मिली है। वीडीएस योजना के तहत आए 339 आवेदन में से मात्र 55 का निपटारा किया गया। इसमें 284 केस लंबित पाए गए। यहां सीएम विंडो पर आई 16 में से 13 शिकायतों का निपटान होना पाया गया, जबकि तीन शिकायतों पर प्रक्रिया जारी है। इस मौके पर रविंद्र सिंह, प्रवेश कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।