कुरुक्षेत्र। इलाके से धड़ल्ले से निकले रहे ओवरलोडिंग वाहनों पर मंगलवार को सीएम फ्लाइंग पंचकूला की टीम ने धावा बोल दिया। इस टीम ने जीटी रोड पर उमरी चौक के पास रेत से भरे सात ओवरलोड ट्राले और डंपर को जब्त किया। टीम ने आरटीए और खनन विभाग के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। आरटीए विभाग ने इन वाहन के चालकों पर सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इन वाहनों को यमुनानगर की ओर से रेत लेकर इंद्री (करनाल), सेक्टर दो-तीन कट केडीबी रोड से होते हुए निकलना था। टीम दो-तीन दिन से इन वाहनों के पीछे थी।
दरअसल, दो-तीन दिन से सीएम फ्लाइंग पंचकूला को जिला कुरुक्षेत्र से बेरोकटोक रेत से भरे ओवरलोड वाहनों के निकलने की शिकायतें मिल रही थी। यह वाहन यमुनानगर से रेत लेकर इंद्री (करनाल) से होते हुए पंजाब की ओर जाते थे। दो दिन पहले सीएम फ्लाइंग ने यमुनानगर में भी ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की थी। यहां से सूचना मिली थी कि पंजाब नंबर के ट्राले और डंपर चालक अपने वाहन को ओवरलोड करके रेत लेकर पंजाब जाएंगे। आखिरकार टीम ने मंगलवार सुबह अपनी कार्रवाई को अंजाम दिया।
सूचना के बाद सीएम फ्लाइंग ने आरटीए और खनन विभाग को लेकर उमरी चौक पर नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी के दौरान इंद्री की तरफ से आ रहे वाहनों की जांच की गई। इसी दौरान टीम को इंद्री की ओर से ट्राले और डंपर आते दिखाई दिए। टीम ने उनको रुकवाकर उनकी जांच कराई। यह सभी वाहन रेत से भरे हुए थे। मौके पर इनका वजन किया गया तो उनमें क्षमता से अधिक रेत भरा गया था। टीम ने कार्रवाई करते हुए इन वाहनों को जब्त करके आरटीए विभाग के हवाले कर दिया।
सात लाख रुपये लगाया जुर्माना आरटीए उर्मिल श्योकंद ने बताया कि सुबह साढ़े पांच बजे सीएम फ्लाइंग की टीम के साथ मिलकर कार्रवाई की गई। सात ओवरलोड वाहनों पर करीब सात लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है। विभाग की टीम ओवरलोड वाहनों पर नजर रखती है। फरवरी माह में आरटीए विभाग ने 244 ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करते हुए उनके चालान किए। इन ओवरलोड वाहन चालकों से एक करोड़ पांच लाख 20 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।