हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा शैक्षिणक सत्र 2021-2022 से आठवीं की बोर्ड परीक्षा आयोजित कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए बोर्ड द्वारा परीक्षा संबंधी समुचित तैयारियां शुरू कर दी गई है। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिले में स्थित सभी विद्यालयों (सीबीएसई तथा अन्य शिक्षा बोर्ड के अधीन आने वाले विद्यालयों) में आठवीं कक्षा की परीक्षाएं शैक्षिणक सत्र 2021-2022 से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित कराई जाएंगी। शनिवार को बातचीत करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री ने कहा कि किसी भी परीक्षार्थी द्वारा आठवीं कक्षा की परीक्षा देने से पूर्व हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी से नामांकन कराया जाना अनिवार्य होगा। शिक्षा बोर्ड द्वारा आठवीं बोर्ड परीक्षा अंतिम बार वर्ष 2010 में संचालित कराई गई थी। अब करीब 11 साल के लंबे अंतराल के बाद फिर से शिक्षा बोर्ड इस परीक्षा का आयोजन कराने जा रहा है।