शनिवार सुबह से खिली धूप से लोगों को ठंड से काफी राहत पहुंची। पिछले दिनों में पड़ी धुंध व बढ़ी ठंड ने जन जीवन अस्त व्यस्त किया हुआ था। वहीं शनिवार को दिन भर धूप खिली रही, जिससे अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। धुंध के कारण मजदूूरों का बंद पड़ा काम अब मौसम खुलने से फिर से शुरू हो गया है। दिन भर धूप खिली रहने से लोगों ने भी इसका खूब आनंद उठाया। शहर के पार्कों व पर्यटक स्थलों पर लोग घूमते नजर आए। दोपहर बाद तापमान में 2 डिग्री वृद्धि दर्ज की गई। बाजारों में चहल-पहल देखने को मिली। ठंड की वजह से ग्राहक न आने पर बाजार में दुकानदारों को खाली बैठना पड़ रहा था, लेकिन अब बाजार की चहल पहल से दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि खिलखिलाती धूप से सब्जी की फसलों को फायदा पहुंचेगा, वहीं सर्दी होने से गेंहू की फसल को लाभ पहुंचेगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले हफ्ते तक मौसम साफ रहेगा व धूप निकलेगी।