पिछले चार दिनों से मौसम में गर्माहट बनी हुई है। इसका असर भी देखने को मिल रहा है। धुंध व कोहरे के साथ-साथ लोगों को सर्द हवाओं से भी निजात मिली है। लोग खिली धूप का खूब आनंद उठा रहे है। वीरवार को भी मौसम साफ रहा और मौसम में गर्माहट बनी रही है। सुबह करीब 10 बजे सूर्य देवता ने दर्शन दिए। हालांकि सुबह के समय आसमान में काले बादल छाए रहे। सुबह कई स्थानों पर हल्की धूंध भी छाई रही। जैसे ही सूर्यदेव बाहर निकले मौसम साफ हो गया तथा लोगों को राहत मिली। दोपहर के समय तेज धूप ने अपना असर भी दिखाया। धूप से बाजारों में रौनक देखने को मिली है। ब्रह्मसरोवर, शेख चेहली मकबरा सहित पार्कों में लोगों ने खिली धूप का खूब आनंद लिया। वीरवार का अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड दर्ज किया गया। दोपहर के बाद शाम के समय सर्द हवाओं से लोगों को थोड़ी मुश्किल का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार का अधिकतम तापमान में 1 डिग्री के गिरावट व 6 डिग्री सेल्सियस और बारिश होने की संभावना बताई गई है। कृषि विशेषज्ञ का कहना है कि बदलता मौसम फसलों व सब्जियों के लिए फायदेमंद है।