कुरुक्षेत्र/पिहोवा। संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध की टीम ने सोमवार को अगले सप्ताह होने वाली एक नाबालिग जोड़े की शादी को रुकवा दिया। दाेनों पक्ष शादी की तैयारी में जुटे हुए थे। सूचना के बाद टीम ने दोनों पक्ष को कार्यालय में तलब करके उनके बयान दर्ज किए। दोनों पक्ष ने लड़का-लडकी के बालिग होने के बाद शादी करने पर अपनी सहमति जताई है।
संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी भानु गौड़ ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली कि पिहोवा के निकटवर्ती गांव की नाबालिग लड़की की शादी लाडवा के एक गांव के नाबालिग लड़के के साथ 21 अप्रैल को होनी तय हुई थी। टीम ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों पक्ष को कार्यालय में तलब कर लिया। यहां कागजों में जांच के दौरान लड़की की उम्र करीब 17 और लड़के की करीब 20.साल मिली। लड़का-लड़की दोनों ही 10वीं कक्षा तक पढ़े हैं। फिलहाल टीम ने उनके और परिजनों के बयान दर्ज कर लिए। दोनों पक्ष ने आश्वासन दिया कि दोनों के बालिग होने के बाद ही शादी करेंगे। अगर उनके बालिग होने से पहले वे शादी का प्रयास करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभी उनको चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।