कुरुक्षेत्र। तीन दिन पहले जीटी रोड पर खानपुर कोलियां के पास सड़क क्रॉस करते हुए बोलेरो की टक्कर लगने से जख्मी हुए बच्चे की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। शिकायत पर पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया।
थाना सदर में दर्ज शिकायत में प्रमोद निवासी खानपुर कोलियां ने बताया कि उसकी गांव में मोबाइल की दुकान है। 12 जून करीब सुबह साढ़े 11 बजे वह दुकान पर बैठा था। इस दौरान एक औरत अपने बच्चों के साथ पैदल गांव खानपुर कोलियां की तरफ आ रही थी। तभी शाहाबाद की ओर से आए बोलेरो चालक ने सीधी टक्कर बच्चे को मार दी। टक्कर लगते ही बच्चा सड़क पर गिरकर जख्मी हो गया। उसने बच्चे को संभाला और उसकी मां ने बच्चे का नाम पूछा। बच्चे की पहचान आहिल निवासी पिपली बताया। उसने महिला व बच्चे को निजी वाहन से इलाज के लिए कुरुक्षेत्र भेज दिया था। बच्चे के परिजन उसे उपचार के लिए दिल्ली ले गए थे। यहां उपचार के दौरान बच्चे की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। संवाद