बाबैन। मुख्यमंत्री नायब सैनी लाडवा विधानसभा से उम्मीदवार घोषित होने के बाद बाबैन क्षेत्र में पहली बार पहुंचे, जहां उनका कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री नायब सैनी का काफिला देर रात चानक मुख्य बाजार में चौक पर रुका और मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बाजार में खड़े लोगों का हाल चाल जाना और उनके साथ सेल्फी ली।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा फिर से तीसरी बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि लाडवा विधानसभा का चुनाव वे नहीं बल्कि हर कार्यकर्ता लड़ेगा। उन्होंने इस दौरान यह भी कहा कि भाजपा के पास पिछले 10 साल में किए गए विकास कार्यों की लंबी फेहरिस्त है, जिसके बल पर जनता के बीच जाएंगे। लेकिन कांग्रेस के पास कोई मुद्दा ही नहीं है। ऐसे में जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है लेकिन जनता सब जानती है। इस अवसर पर बाबैन के सरपंच संजीव सिंगला गोल्डी,भाजपा मंडल अध्यक्ष जसविन्द्र जस्सी, रिंकू कश्यप, सुखजोत सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।