वर्क वीजा पर कनाडा भेजकर नौकरी दिलाने के नाम एक लाख 81950 हजार की धोखाधड़ी के करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को नामजद किया है। थाना केयूके पुलिस को दी अपनी शिकायत में रविंद्र कुमार वासी कंवारखेड़ी ने कहा कि 19 मई को उसने अपनी फेसबुक पर कनाडा में वर्क वीजा पर भेजने का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर दिए नंबर पर संपर्क किया तो उसकी बातचीत सीरत शर्मा से हुई थी, जिसने बताया था कि वीजे से पहले कोई पैसे नहीं लिए जाएंगे बल्कि वर्क वीजा पर नौकरी दिलाने के बाद एक साल वेतन में से 20 हजार प्रति महीना लेंगे।
उसकी बातों में आकर उनके कहे अनुसार उन्होंने अपना मेडिकल कराया। आरोपियों ने मेडिकल के बाद उसे एक आईडी दी, जिसमें उसके नाम से आईडी व पासवर्ड था। उसे खोलने पर एलएमआईए पेंडिंग दिखा रहा था। पूछने पर बताया गया कि फीस भरने के बाद सब ठीक हो जाएगा। इसके लिए आरोपियों के कहने पर उनके पेमेंट बैंक में 60 हजार रुपये जमा कराए थे। इसके बाद टिकट के नाम 90 हजार रुपये की मांग की गई, जिसे उसने उनके बताए अकाउंट में डाल दिया था। टिकट मिलने पर उसे शक हुआ कि यह टिकट फर्जी है, मगर उन्होंने आश्वासन दिया कि उसका सारा काम पूरा हो चुका है। जल्द ही उसका वीजा आ जाएगा। आरोपियों ने उससे एंबेसी फीस के नाम पर 31950 रुपये भी लिए, मगर न उसका वीजा आया और न ही उसके पैसे वापस किए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।