कुरुक्षेत्र। मॉल में पार्टनर बनाने का झांसा देकर 28 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को नामजद किया है। थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में राजेश कुमार निवासी सेक्टर-5 ने बताया कि उसकी आरोपी योगेश के साथ दोस्ती हो गई थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ धोखाधड़ी से 27-28 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए लिए थे। आरोपी ने सलारपुर रोड पर एक मॉल खोला था, जिसमें आरोपी ने मौखिक तौर पर उसे अपना पार्टनर बनाया था। आरोपी ने उसे एक लाख रुपये प्रति महीना देने का आश्वासन दिया था। आरोपी ने उसे एक-दो बार में पचास-पचास हजार रुपये दिए भी थे। बाद में आरोपी ने उसे पैसे देने से साफ मना कर दिया था। उसने अपने सारे पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपी ने उसे धमकाया कि अगर उसने दोबारा पैसे मांगे और पुलिस को शिकायत दी तो एक-दो लाख रुपये किसी को देकर उसे गोली मरवा देंगे। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। संवाद