कुरुक्षेत्र। मौसम में हो रहे बदलाव के चलते किसानों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। शनिवार को सुबह के समय धूप खिल उठी, लेकिन इसके बाद दिन भर बादल छाए रहे तो शाम को कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश भी हुई। इसे देखकर किसानों की चिंता बढ़ गई हालांकि दिनभर कई जगहों पर गेहूं की फसल की कटाई कंबाइन से की गई, ताकि गेहूं की फसल को बारिश से बचाया जा सके। जबकि बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत भी मिलेगी।
वहीं देर सायं 16 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चली और आसमान में पूरी तरह से बादल छा गए। धूल भरी हवा चलने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार जहां शनिवार को देर रात बारिश होने की संभावना है तो वहीं रविवार को भी दिन भर आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई जा रही हैं। जबकि तेज हवाओं के चलने से गेहूं की फसल को नुकसान के आसार भी बने हुए हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार है।
कृषि विशेषज्ञ डॉ. सीबी सिंह का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते अभी मौसम में बदलाव हो रहा है, जिसके कारण 13 से 15 अप्रैल तक मौसम खराब रहने के आसार है। शनिवार देर रात से मौसम में बदलाव होगा, जो कि सोमवार तक देखने को मिलेगा। इस दौरान जिले में बारिश होने की संभावना बनी हुई है। जबकि तेज हवा का असर भी देखने को मिल सकता है। गेहूं की फसल कटाई पर है, जिससे कटाई पर असर पड़ेगा और नमी होने की संभावना के चलते गेहूं कटाई का काम धीमा होगा और मंडियों में गेहूं की खरीद के काम पर भी असर पड़ेगा।