संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। एलएनजेपी अस्पताल में तीन दिन से सेंट्रल एसी का प्लांट बंद पड़ा है, जिस कारण मरीजों व तीमारदारों के पसीने छूट रहे हैं। प्लांट ठीक होता न देख कुछ तीमारदार तो मरीज के लिए घर से पंखे लेकर आ चुके हैं और वार्ड में मरीज के आगे लगाकर उन्हें गर्मी से राहत पहुंचाई जा रही है।
पिहोवा से अस्पताल के महिला वार्ड में दाखिल मरीज की तीमारदार ने बताया कि पांच दिन से वे यहां पर हैं। जब तक एसी चल रहा था तो ठीक था, लेकिन अब उमस बहुत सता रही है। गर्मी और उमस के कारण मरीज को सांस लेने में दिक्कत आ रही थी। इसलिए वे घर से पंखा लेकर आए हैं। हालांकि वार्डों में पंखे भी लगे हैं, लेकिन इतने मरीजों के बीच इनकी हवा का कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है।
शांति नगर वासी राहुल ने बताया कि वह सुबह अस्पताल में इलाज के लिए आया था। यहां गर्मी से हालात खराब है। अस्पताल से बाहर निकलकर थोड़ी राहत की सांस मिली। अस्पताल में मरीजों को तीमारदार हाथ वाले पंखों से हवा करते दिखाई दिए। उल्लेखनीय है कि 10 अगस्त की शाम को अचानक से अस्पताल के सेंट्रल एसी का प्लांट खराब हो गया था। तब से यह ठीक ही नहीं हो पाया है। गर्मी के चलते अब अस्पताल में मरीजों का दम घुटने लगा है।
एलएनजेपी अस्पताल की चिकित्सा अधिकारी डॉ. साराह अग्रवाल ने कहा कि एसी प्लांट के खराब होने की सूचना पहले ही दिन इंजीनियरों को दे दी थी। दो दिन से इंजीनियर आ भी रहे हैं। शनिवार को भी इंजीनियर आए थे और एसी प्लांट में कोई चिप होती है, जिसे चंडीगढ़ लेकर गए हैं। बताया कि इस चिप में ही कोई खराबी है। इंजीनियरों का कहना है कि प्लांट ठीक होने में एक- दो दिन लग सकते हैं। वे जल्द से जल्द एसपी प्लांट ठीक करवाने का प्रयास कर रही हैं। उम्मीद है कि रविवार को इंजीनियर चिप को ठीक करके ले आएं।
एलएनजेपी अस्पताल में एसी खराब होने के चलते लगया गया पंखा। संवाद- फोटो : Kurukshetra