कुरुक्षेत्र।आर्थिक सहायता राशि के चेक भेंट करते हरभजन सिंह मसाना।
कुरुक्षेत्र। सिख मिशन हरियाणा धर्म प्रचार कमेटी शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से जिले के तीन गुरुद्वारों को आर्थिक सहायता के लिए 25-25 हजार रुपए की राशि के चेक वितरित किए गए। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के वरिष्ठ उप प्रधान हरभजन सिंह मसाना एवं सिख मिशन हरियाणा के इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा समय-समय पर गुरुद्वारों की मांग के अनुसार विभिन्न कार्यों के लिए आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाती है। इसी कड़ी में गुरुद्वारा साहिब श्री सिंह सभा गांव भट्ट माजरा प्लॉट, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा गांव सांवला और गुरुद्वारा सिंह सभा गांव बकाली से आए प्रतिनिधियों को 25-25 हजार की आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
हरभजन सिंह मसाना ने कहा कि मीरी पीरी इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च सेंटर में कैथ लैब क्रिटिकल केयर यूनिट की स्थापना होने जा रही है, जिस पर लगभग सात करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इससे हार्ट रोग से संबंधित बीमारियों का इलाज किया जाएगा। सिख मिशन हरियाणा के इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि सिख मिशन हरियाणा द्वारा बैसाखी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में प्रदेश के विभिन्न गुरुद्वारों में अमृत संचार से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर स्वर्ण सिंह, हरबंस सिंह, एडवोकेट नरेंद्र सिंह पंजेटा, परमजीत सिंह दुनिया माजरा, सरदार गुरमेल सिंह, शेर सिंह अजराना, गुरलाल सिंह, बूटा सिंह, बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।