लाडवा। मदर टेरेसा मॉडर्न पब्लिक स्कूल में सीबीएसई राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। यह प्रतियोगिता 14 अक्तूबर तक चलेगी। इसमें हरियाणा सहित देश के विभिन्न राज्यों और ओमान, कतर, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जैसे विदेशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, राजस्थान, केरल और कर्नाटक सहित कई भारतीय राज्यों की टीमें भी पहुंचीं हैं। छह दिन तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल कौशल निखारने का अवसर मिलेगा। उद्घाटन समारोह में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। सीबीएसई की ओर से आयोजक विजय और पर्यवेक्षक कुलदीप मौजूद रहे, जबकि प्रधानाचार्य पूजा सक्सेना ने सभी का स्वागत किया।