अंबाला-हिसार हाईवे पुल के नीचे से आल्टो कार सवार दो लोग एक युवक को लिफ्ट देकर चाकू व गन की नोक पर उससे मोबाइल व 7700 रुपये छीनकर फरार हो गए। कार पर चंडीगढ़ नंबर की आधा टूटी हुई नंबर प्लेट लगी थी। वारदात के बाद पीड़ित ने एक बाइक चालक से मदद मांग कर पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शिकायत पर घटनास्थल का मुआयना करके मामला दर्ज कर लिया है। थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में हिमांशु वासी वार्ड-2 भिवानी ने कहा कि बुधवार शाम 5 बजे वह हिसार से कैब में पिहोवा के लिए चला था। उसे कुरुक्षेत्र अपनी बहन के घर जाना था। कैब वाले ने उसे अंबाला-हिसार हाईवे पर पिहोवा-कुरुक्षेत्र रोड पर पुल पर 7 सात बजे उतार दिया था। इसी दौरान एक काले रंग की ऑल्टो कार रेहड़ी वाले के पास आकर रूकी, जिसमें से एक युवक रेहड़ी वाले के पास सिगरेट लेने के लिए उतरा था। रेहड़ी वाले से सिगरेट खरीदी तो रेहड़ी वाले ने उस युवक से कुरुक्षेत्र की तरफ जाने की बात पूछी थी। युवक ने उसे कहा कि वह ड्राइवर से पूछ ले। थोड़ी देर बाद दोनों युवकों ने उसे कहा कि वह कुरुक्षेत्र जा रहे हैं और वह उनके साथ कार में बैठ गया था। रास्ते में एक पेट्रोल पंप से गाड़ी वाले ने 500 रुपये का पेट्रोल डलवाया। जब वह गांव मुतर्जापुर से आगे पहुंचे तो ड्राइवर के बराबर में बैठक युवक ने उस पर गन तान ली और उसे सारा सामान उसके हवाले करने कहा, ऐसा नहीं करने उसने उसे गोली मारने की धमकी दी। इसी दौरान चालक ने उसके गले पर चाकू लगा दिया। आरोपियों ने उसकी जेब से 7700 रुपये, मोबाइल व उसका कपड़ों का बैग भी छीनकर उसे रास्ते में उतारकर कुरुक्षेत्र की तरफ फरार हो गए। कुछ देर बाद वह बाइक चालक से लिफ्ट लेकर गांव भौर सैयदां अड्डे पर पहुंचा तथा उसे घटना जानकारी दी। चालक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।