इस्माईलाबाद। ठोल गांव में घर में घुसकर एक परिवार पर हमला करने, सीसीटीवी कैमरे व मोबाइल तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ठोल गांव निवासी रामलाल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाते हुए बताया कि दो नवंबर को गांव के ही मोहित, नरेश व गुरचरण ने गंडासी, डंडों से लैस होकर उसके घर पर हमला बोल दिया। उन्होंने उनके साथ मारपीट की और गालियां दीं। उसको और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी फिर से अगले दिन तीन नवंबर को सायं को उनके घर में घुस आए और उनके घर में तोड़फोड़ कर उनके साथ मारपीट की। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे व मोबाइल फोन तोड़ दिए लेकिन उनकी सारी वारदात कैमरों में कैद हो गई। उन्होंने तीन नवंबर को पुलिस को शिकायत की। आरोप है कि पुलिस ने अगले ही दिन महज सामान्य कार्रवाई की तो आरोपियों को छोड़ भी दिया, जिसके बाद उन्हें फिर से धमकी दी जाने लगी है।