पिहोवा। विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस में दर्ज शिकायत में सिकंदर सिंह निवासी गांव छोटा स्याना ने बताया कि उसकी जरनैल सिंह से जान पहचान हुई थी। जरनैल सिंह ने उसे बताया कि वह लोगों को विदेश में भेजकर वहां काम दिलवाता है। उसने उसकी बात पर यकीन कर लिया और फिर उसकी भी इच्छा हुई। वह जरनैल के बताए अनुसार 25 जनवरी को पहुंचा तो वहां पर राज कुमार, रेखा व अजय कालड़ा पहले से ही मौजूद थे।
इन्होंने बताया कि वे सरकार से मंजूरशुदा एजेंट है जो लोगो को बाहर विदेश भेजते है। इंग्लैंड की एक गेम आ रही है हम आपको टूरिस्ट विजा के तहत इंग्लैंड भेज देंगे जिसमें 14 लाख रुपये खर्चा आएगा। इसके बाद एक फरवरी को अजय कालड़ा को दो लाख रुपये दिए व उसी रोज शाम को फोन करके कहा कि आप कल दिल्ली दो लाख रुपये लेकर आ जाओ और उसकी फ्लाइट है। कहे अनुसार वह दिल्ली पहुंच गया और दो लाख रुपये भी दे दिए, जहां उसे कहा कि थाइलैंड के जरिए उसे इंग्लैंड भेजा जाएगा। इसके बाद फिर आरटीजीएस के जरिए दो लाख रुपये एक अन्य खाते में जारी किए तो उसे थाईलैंड भेज दिया, जहां वह 18 दिन तक रहा। यहां से उसे आगे नहीं भेजा और वह वापस आ गया। इसके बाद कई बार पंचायत भी की लेकिन आरोपियों ने उसके रुपये नहीं लौटाए। संवाद