संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अमीन रोड पर किराना दुकानदार के साथ छीनाझपटी के मामले में पकड़े गए तीनों आरोपियों को अदालत ने दो दिन के रिमांड भेजा है। रिमांड के दौरान आरोपियों से छीनी गई नकदी के साथ वारदात में इस्तेमाल बाइक व देसी कट्टे की बरामदगी के लिए सीआईए-दो पूछताछ करेगी। उधर सीआईए-दो के प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि तीनों आरोपी नशे का सेवन करते हैं। नशे की पूर्ति के लिए आरोपी पहले भी चोरी के आरोप में पकड़ जा चुके हैं। रिमांड के दौरान उनसे चोरी और छीनाझपटी की कई और वारदात का खुलासा हो सकता है।
थाना कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में सुरेश कुमार निवासी विद्या कॉलोनी ने बताया था कि उसकी अमीन रोड पर किराने की दुकान है। वीरवार रात करीब नौ बजे अमित उर्फ मित्ता, उमेश उर्फ बब्लू और मटरू देसी कट्टे के दम पर दुकान में घुसकर गल्ले से करीब 12 हजार निकालकर बाइक पर फरार हो गए थे। पीछा करने पर आरोपियों ने दो राउंड फायर किया था। शिकायत पर मामला दर्ज कर सीआईए-दो ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।