कुरुक्षेत्र। दो दिन पहले ज्योतिसर पुलिस चौकी के प्रभारी पर चाकू व डंडे से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोनू निवासी दबखेड़ी को अदालत से तीन दिन के रिमांड पर लिया है। सोमवार को ज्योतिसर नरवाना ब्रांच नहर पर गणेश प्रतिमा विसर्जन किया जा रहा था। भीड़ को देखते हुए ज्योतिसर चौकी प्रभारी प्रिंस मौके पर गए थे। यहां कुछ युवक अपने हाथ में डंडे व हथियार लेकर खड़े थे। उनको देखकर पूछताछ करने के इरादे से चौकी प्रभारी प्रिंस उनके पास चले गए थे।
इसी दौरान उन युवकों ने चौकी प्रभारी पर जानलेवा हमला कर दिया था। एक युवक ने उनके पेट में चाकू घोंपकर जख्मी कर दिया था। पुलिस को आता देख आरोपी युवक मौके से फरार हो गए थे। प्रभारी को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच करते हुए एक आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लिया है ताकि अन्य आरोपियों को पकड़ा जा सके।