कुरुक्षेत्र। जिले में कुल 485 राशन डिपो हैं। राज्य सरकार की ओर से मई माह में वंचित रहे एएवाई (गुलाबी कार्ड), बीपीएल (पीला कार्ड) कार्ड धारकों को जून में निर्धारित मात्रा में गेहूं निशुल्क उपलब्ध करवाया जा रहा है। ये जानकारी जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी सुरेंद्र सैनी ने दी।
उन्होंने कहा कि गुलाबी रंग के कार्ड धारकों को 35 किलोग्राम गेहूं प्रति कार्ड निशुल्क व एक किलो चीनी 13.50 रुपये प्रति कार्ड व दो लीटर सरसों का तेल की जगह दो लीटर सूरजमुखी का तेल 20 रुपये प्रति लीटर की दर से प्रति कार्ड दिया जा रहा है। इसके अलावा पीले रंग के कार्डधारकों पांच किलोग्राम गेहूं प्रति सदस्य निशुल्क व एक किलो चीनी 13.50 रुपये प्रति कार्ड व दो लीटर सरसों का तेल की जगह सुरजमुखी का तेल 20 रुपये प्रति लीटर की दर से प्रति कार्ड दिया जा रहा है। जून में सरकार द्वारा कार्ड धारकों को बाजरे का वितरण नहीं करने का निर्णय लिया था। मई माह में जो भी पात्र बीपीएल व एएवाई कार्ड धारक गेहूं लेने से वंचित रह गए थे। उनके लिए सरकार की ओर से अतिरिक्त गेहूं की एलोकेशन जारी की गई है, जिसका वितरण वंचित रहे कार्ड धारकों को जून माह में ही किया जाएगा।