कुरुक्षेत्र। सीआईए-दो ने कार चोर गिरोह के एक सदस्य को देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। जांच करने पर देसी कट्टे से एक कारतूस भी बरामद हुआ। आरोपी जयपाल निवासी गन्नौर जिला सोनीपत चोरी की कई वारदात को अंजाम दे चुका है। आरोपी ने यूपी से देसी कट्टा खरीदा था। पुलिस देसी कट्टा सप्लाई करने के आरोपी की भी तलाश कर रही है।
सीआईए-दो के प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि उनकी टीम उमरी चौक के नजदीक गश्त कर रही थी तभी टीम को सूचना मिली कि जयपाल कार चोरी की कई वारदात को अंजाम दे चुका है। आरोपी चोरी की बगैर नंबर की कार में उमरी गांव के पास घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने उमरी में कार एजेंसी के सामने नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद पुलिस टीम को मिली सूचना के अनुसार बगैर नंबर प्लेट की कार आती दिखाई दी। शक के आधार पर टीम ने कार को रुकवाकर चालक से पूछताछ के बाद उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देसी कट्टा व कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने चोरीशुदा कार को भी कब्जे में लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत से एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। सीआईए-दो के प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि जयपाल ने अपने अन्य साथियों के साथ 22-23 जनवरी की रात को सेक्टर-तीन से एक कार चुराई थी। आरोपी कार बेचने यूपी गया तो उसने वहां से देसी कट्टा खरीदा था। उनकी टीम अन्य आरोपियों की तलाश भी कर रही है।