पिहोवा। मुर्तजापुर गांव के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से कार सवार सेवानिवृत्त कर्मी के बेटे की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त रिंकू शर्मा 36 निवासी रसीना जिला कैथल के रूप में हुई। रिंकू दिल्ली में एक कंपनी में काम करता था। देर रात वह अपनी कार से अंबाला जा रहा था।
थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में चंद्रभान निवासी रसीना ने बताया कि वह नहर महकमे से सेवानिवृत्त है। उसका बेटा रिंकू दिल्ली में एक कंपनी में 12 वर्ष से नौकरी कर रहा था। शनिवार रात करीब नौ बजे उसका बेटा अपनी कार से अंबाला जा रहा था। करीब एक घंटे बाद वह नेशनल हाईवे 152-डी से मुर्तजापुर के निकट पहुंचा तो उसकी कार को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में लगी चोट के कारण उसके बेटे की मौत हो गई। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। संवाद