कुरुक्षेत्र। सरस्वती हैरिटेज बोर्ड के उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमिच ने कहा कि कुरुक्षेत्र शहर में 18 किलोमीटर लंबी व पक्की सरस्वती ड्रेन से शहर में से पानी निकालने में तेजी आई है। कुरुक्षेत्र शहर में सरस्वती चैनल की क्षमता 200 क्यूसेक है और इस समय सरस्वती चैनल में 2 हजार क्यूसेक पानी चल रहा है। इस समय एसवाईएल साइफन पर सरस्वती 12 हजार क्यूसेक पानी आगे लेकर चल रही है।
बुधवार को सरस्वती साइफन पर निरीक्षण करने उपरांत उन्होंने कहा कि सरस्वती ड्रेन में बरसात के दौरान पांच से सात हजार क्यूसेक पानी होता है, यही पानी कुरुक्षेत्र में बाढ़ का कारण बनता था, मगर इस बार सरस्वती चैनल की क्षमता बढ़ने से सरस्वती कई जिलों की वरदान साबित हुई है। खानुपर कोलियां से एसवाईएल तक सरस्वती के निरंतर बहाव से किसानों को भी बड़ी राहत मिली है। इस से क्षेत्र में चार्जिंग लेवल बढ़ेगा और बारिश में आने वाला करीब सात हजार क्यूसेक पानी भी सीधा बहेगा, इससे शहर में बाढ़ के आने का खतरा भी कम होगा। संवाद