कुरुक्षेत्र। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने कैंटर परिचालक को बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है जबकि कैंटर चालक भागने में कामयाब रहा। आरोपी गुरजिंद्र सिंह निवासी फरीदपुर जिला पटियाला के कब्जे से चार किलो 50 ग्राम अफीम और तीन किलो 800 ग्राम डोडा चूरापोस्त बरामद हुआ। आरोपी गुरजिंद्र सिंह अपने साथी कैंटर चालक बलजीत सिंह निवासी मुराद माजरा जिला पटियाला के साथ अफीम और चूरापोस्त छिपाकर पंजाब जा रहा था।
कंट्रोल ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार ने बताया कि उनकी टीम सरकारी स्कूल उगाला के पास गश्त कर रही थी तभी टीम को सूचना मिली कि कैंटर चालक बलजीत सिंह व परिचालक गुरजिंद्र सिंह अफीम व चूरापोस्त बेचने का धंधा करते हैं। आरोपी अपने कैंटर में सामान के बीच नशीले पदार्थ छिपाकर मध्य प्रदेश से पटियाला की तरफ जाएंगे। सूचना पर यूनिट ने बुहावी गांव के पास नाकाबंदी कर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर बाद बुहावी गांव की तरफ से कैंटर आता हुआ दिखाई दिया।
शक होने पर टीम ने कैंटर चालक को साइड में लगाने का इशारा किया। चालक कैंटर को साइड में लगाकर फरार हो गया, मगर टीम ने परिचालक सीट पर बैठे गुरजिंद्र सिंह को काबू कर लिया। कैंटर की तलाशी लेने पर केबिन में ड्राइवर सीट के पीछे बनी लंबी सीट पर एक काले रंग का बैग मिला। जांच करने पर उसमें से टीम को चार किलो 50 ग्राम अफीम तथा दूसरे पॉलिथीन से तीन किलो 800 ग्राम डोडा चूरापोस्त बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ थाना बाबैन में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपी गुरजिंद्र सिंह को तीन दिन के रिमांड पर लिया है।