कुरुक्षेत्र। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है वैसे ही मैदान में आए प्रत्याशियों ने भी अपना-अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। हालांकि सभी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं लेकिन कौन विजयी होगा यह चुनाव परिणाम के बाद ही पता चल पाएगा। जिला की चारों विधानसभा क्षेत्रों में सात लाख 73 हजार 425 मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें सबसे ज्यादा दो लाख 16 हजार 937 मतदाता थानेसर विधानसभा क्षेत्र में है।
जिला की चारों विधानसभा क्षेत्रों में चार लाख 591 पुरुष और तीन लाख 72 हजार 820 महिला मतदाता है। इन विस चुनावों में लाडवा विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 96 हजार 536 मतदाताओं में से एक लाख एक हजार 518 पुरुष और 95017 महिला मतदाता शामिल है। इसी प्रकार शाहाबाद विस क्षेत्र में एक लाख 71 हजार 536 मतदाताओं में 89514 पुरुष और 82020 महिला, थानेसर विधानसभा क्षेत्र में 218409 मतदाताओं में 112811 पुरुष और 105591 महिला तथा पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में 186944 मतदाताओं में 96748 पुरुष व 90192 महिला मतदाता शामिल है।
लाडवा विधानसभा में सबसे ज्यादा बने 217 पोलिंग बूथ
जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में 810 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिसमें 609 ग्रामीण क्षेत्र और 201 ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए हैं। इन चुनावों में लाडवा विधानसभा क्षेत्र में 217 पोलिंग बूथ में 197 ग्रामीण व 20 शहरी क्षेत्र, शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में 185 बूथों में 151 ग्रामीण व 34 शहरों में, थानेसर विधानसभा क्षेत्र में 204 बूथों में 111 शहरी क्षेत्र और 93 ग्रामीण क्षेत्र तथा पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में 204 पोलिंग बूथ में से 168 ग्रामीण क्षेत्र व 36 शहरी क्षेत्र में बनाए गए हैं।
जिलेभर में 2244 सर्विस मतदाता
जिलेभर में दो हजार दो सौ 44 सर्विस वोटर हैं। इसमें लाडवा में 698, शाहाबाद में 568, थानेसर में 444 और पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में 534 सर्विस वोटर शामिल हैं।