राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुनियाद मिशन के अंतर्गत ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें उपायुक्त शांतनु शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त शांतनु शर्मा ने किया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार व शिक्षा विभाग द्वारा बुनियाद मिशन के अंतर्गत विद्यार्थियों को जो सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं वे उनके व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि हम आशान्वित हैं कि बुनियाद मिशन के अंतर्गत विद्यार्थियों को जो शैक्षणिक माहौल प्रदान किया जाएगा उससे विद्यार्थियों के लिए उन्नति व प्रगति के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जीवन में कठिन परीक्षण करें तथा हर चुनौती का बखूबी सामना करें तभी सफलता के शीर्ष पर पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि सफलता मात्र मेहनत, मेहनत व केवल मेहनत से ही संभव है। जिला शिक्षा अधिकारी बलजीत मलिक ने कहा कि बुनियाद मिशन विद्यार्थियों के जीवन को आलोकित करेगा तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर भी प्रदान करेगा।
विकल्प फाउंडेशन के निदेशक नवीन मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण भारत में छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा पहले सुपर100 और अब मिशन बुनियाद जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। मिशन बुनियाद हरियाणा सरकार की एक महत्वकांशी योजना है जिसके तहत नौवीं और दसवीं के चयनित विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा। प्रोग्राम के अंतर्गत चयनित छात्रों को सप्ताह मे तीन दिन वीरवार, शुक्रवार तथा शनिवार को बुनियाद केंद्र में आना होगा जहां पर रेवाड़ी स्थित स्टूडियो से अध्यापक उन बच्चों को टेक्नोलॉजी के माध्यम से पढ़ाएंगे। अन्य तीन दिन इन बच्चों को मोबाइल टैबलेट जो उन्हें हरियाणा सरकार द्वारा मुहैया करवाया जाएगा उससे भी विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा। मिशन बुनियाद में लेवल प्रथम में 50 हजार विद्यार्थियों ने तथा लेवल 11 की परीक्षा में 20000 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए, अंतिम चरण में 2614 विद्यार्थी चयनित संपूर्ण हरियाणा से किया गया है।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ तरसेम कौशिक ने बताया कि कुरुक्षेत्र जिले में दो बुनियाद केंद्र स्थापित किए गए हैं जो राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुरुक्षेत्र तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहाबाद हैं जिसमें 102 विद्यार्थी विद्या ग्रहण करेंगे। बुनियाद कार्यक्रम केे अंतर्गत सभी चयनित विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों के द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाएगा ताकि उनके व्यक्तित्व का विकास हो और उनके सामाजिक स्तर में भी बढ़ोतरी हो सके। मंच का संचालन राजेश सैनी तथा शिवकुमार किरमच ने किया। इस अवसर पर बंसीलाल, अलीशेर, रवि दत्त, विजेंद्र, रविंदर, राजेंद्र, राजेश सैनी, भीम सिह, राम शरण सैनी, टीका सिंह प्रवीण, नरेश, विपुल एवं अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित रहे।