कुरुक्षेत्र-पिहोवा मार्ग पर मंगलवार सुबह डीपीएस स्कूल के नजदीक एक भीषण सड़क हादसा हुआ। गनीमत रही कि बस में सवार किसी भी सवारी को चोट नहीं आई, केवल कार सवार कैथल के सीआईए वन के हेड कांस्टेबल शमशेर सिंह को गंभीर चोट लगी। जिस को उसके साथ कार में सवार एएसआई रंजीत सिंह और नत्थू राम ने कैथल स्थित उजाला सिग्नस अस्पताल में दाखिल कराया। घटना की सूचना मिलने पर ज्योतिसर पुलिस चौकी से एएसआई महेंद्र सिंह मौका पर पहुंचे और हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया उत्तराखंड परिवहन निगम की बस संख्या यूके-07-पीए-3076 पिहोवा की तरफ से आ रही थी। जिसके आगे कैथल सीआईए वन की टीम एक प्राइवेट स्विफ्ट गाड़ी एचआर-24-यू-1910 में चल रही थी। जिसको बस ने पीछे से डीपीएस स्कूल के पास टक्कर मार दी जोकि उस जगह से करीब 100 गज दूर जाकर खदानों में उतर गई। कार को टक्कर मारने के बाद उक्त बस स्कूल के नजदीक ही स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे खड़े कंटेनर से जा टकराई। इस हादसे में बस में सवार करीब 20 सवारियां सुरक्षित रही सभी हादसे के बाद अन्य साधनों की सहायता से मौके से चले गए। लेकिन कार सवार कैथल सीआईए वन के 3 कर्मियों में से एक को चोट आई जिसे उसके साथियों ने कैथल के उजाला सिग्नस अस्पताल में दाखिल कराया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक घायल पुलिसकर्मी के बयान के बाद जो भी कार्रवाई बनती होगी वह की जाएगी। हादसे के बाद से बस के चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए है।