कुरुक्षेत्र/बाबैन। गजलाना गांव में शनिवार रात्रि उस समय सनसनी फैल गई जब दो अज्ञात युवकों ने जगदीश सिंह के घर के बाहर गोलियां बरसा दीं। करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं गईं। गनीमत रही घर के सदस्य बच गए लेकिन एक गोली घर की बालकनी में खड़ी कार की खिड़की पर लगी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों युवक मोटरसाइकिल पर मौके से फरार हो गए। फायरिंग का पता चलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए तो वहीं डायल 112 पर पुलिस को भी सूचना दी गई। थाना प्रभारी दिनेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम के अलावा सीआईए-एक व दो की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटना स्थल का दौरा करने के अलावा आरोपियों की तलाश शुरू की जबकि सीन ऑफ क्राइम की टीम ने मौके पर पहुंच कर गोली चलने की घटना के साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस को मौके से पांच राउंड गोलियों के खाली खोल मिले हैं।
जगदीश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार की रात को करीब आठ बजकर 50 मिनट पर वह अपने घर पर ही मौजूद था। तभी उसके घर के गेट के सामने एक मोटरसाइकिल रुकने की आवाज आई, जिस पर दो व्यक्ति सवार थे। मोटरसाइकिल की आवाज सुनकर वह जैसे ही अपने घर से बाहर निकला तभी मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्तियों ने हवाई फायर शुरू कर दिए। गोली चलने की आवाज सुनकर वह डर गया और तुरंत अपने घर में वापस चला गया। गोलियां चलाने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
फकीर चन्द ने बताया कि उसके घर पर गोली चलने की घटना से वह व उसका परिवार काफी डर गया। उसने बताया कि उसकी दो बेटियां विदेश में पढ़ती है व बेटा बराड़ा में स्कूल शिक्षा ग्रहण कर रहा है। उनके परिवार का किसी के साथ कोई लड़ाई झगड़ा नहीं है और न ही किसी से कोई रंजिश है। उनके मकान पर अज्ञात लोगों ने गोलियां क्यों चलाई हैं यह उनकी समझ में नहीं आ रहा है। उन्होंने पुलिस से उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
घर में खड़ी कार की खिड़की पर लगी एक गोली
एक गोली घर की बालकनी में खड़ी कार की खिड़की में लगी, जिससे खिड़की में सुराग हो गया। यदि यह गोली कार की खिड़की में न लगकर सीधी मकान में चली जाती तो जगदीश सिंह के परिवार को जानमाल का भी नुकसान हो सकता था। हमलावरों ने जगदीश सिंह के घर पर हवाई फायर क्यों किए यह अभी जांच की विषय है जिस पर पुलिस पूरी गहनता से काम कर रही है।
खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज, जल्द पकड़ में होंगे आरोपी : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी दिनेश सिंह का कहना है कि जगदीश सिंह की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि रात के समय जगदीश सिंह के घर के बाहर अज्ञात लोगों ने पांच राउंड फायर किए थे जो एक गंभीर आपराधिक मामला है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले को सुलझाने के लिए गहनता से जांच कर रही है और गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले को जल्द से जल्द सुलझाने का प्रयास कर रही है।